गन के लाइसेंस की मांग पर 100 मी. ऊंचे टावर पर चढ़ा, 5 घंटे बाद परिजनों ने उतारा
रोहतक | दो बेटों के मर्डर में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज एक शख्स लघु सचिवालय के पास एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़े इंदिरा कालोनी के हवा सिंह सैनी को नीचे उतारने की कोशिश में दोपहर बाद से ही प्रशासनिक अमला जुटा रहा। टावर पर चढ़े हवा सिंह सैनी से फोन पर जब अधिकारियों ने बात की तो उसने कहा कि उसके दो बेटों की हत्या के आरोपी खुले घूम रहे हैं। उसके परिवार पर दो बार हमला हो चुका है, लेकिन पुलिस उसे गन लाइसेंस मुहैया नहीं करा रही है। वहीं मामले में पुलिस का कहना है कि अक्टूबर 2017 में हुए डबल मर्डर केस में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जिन आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग हवा सिंह सैनी कर रहा है वो कोर्ट से जमानत पर बाहर हैं। आखिर में रात साढ़े 9 बजे परिजनों ने ही उसे समझा बुझाकर टावर से नीचे उतारा।