रोहतक. एमडीयू में डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एके राजन ऑनलाइन कोर्स पर चर्चा करते हुए।
भास्कर न्यूज | रोहतक।
एमडीयू में आगामी शैक्षणिक सत्र 2018-2019 से विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के स्वयं प्लेटफार्म के जरिए मैसिव ओपन ऑनलाइन कोर्सेज (मूक) प्रारंभ करने बारे उच्च स्तरीय बैठक की गई। अधिष्ठाता शैक्षणिक मामले प्रो. अजय कुमार राजन की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मूक कोर्सेस को लागू करने की प्रक्रिया पर मंथन हुआ। एमडीयू के अधिष्ठाता शैक्षणिक मामले प्रो. अजय कुमार राजन ने कहा कि मूक कोर्सेज समय की जरूरत है। विद्यार्थियों को यूजीसी स्वयं प्लेटफार्म पर इन इनोवेटिव पाठ्यक्रमों की उपलब्धता होगी। एमडीयू यूजीसी स्वयं पाठ्यक्रम समन्वयक पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के सहायक प्रोफेसर नवीन कुमार ने यूजीसी स्वयं प्लेटफार्म पर उपलब्ध मूक कोर्सेज की जानकारी दी। इस बैठक में मूक कोर्सेज को लागू करने की प्रक्रिया, परीक्षा स्कीम के साथ इनकी संबद्धता, मूक कोर्सेज की संबंधित पीजी पाठ्यक्रम के संदर्भ में उपयोगिता को लेकर बैठक में सदस्यों से गहन विचार-विमर्श किया।