उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के रोहतक सर्कल में सोमवार को बिजली सभा और सीजीआरएफ का आयोजन किया गया। दो घंटे तक चले दरबार में पंचकूला से आए अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। दो घंटे के अंतराल में कुल 14 उपभोक्ता शिकायतें लेकर पहुंचे। इनमें से पांच शिकायतों का मौके पर निस्तार कर दिया गया, जबकि 9 शिकायतों पर जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन देकर उपभोक्ताओं को लौटा दिया। बिजली सभा में अधिकांश शिकायतें बिलों में गड़बड़ी और मीटर कनेक्शन दिए जाने में लापरवाही बरते जाने की रही। एसई एसके बंसल ने बताया कि सभी फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं हैं। 9 शिकायतें ऐसी रहीं, जिनमें जांच कराई जाएगी। ताकि उपभोक्ताओं को बार बार समस्या दूर कराने के लिए भटकना न पड़े।
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के रोहतक सर्कल में बिजली सभा
जमीन को छू रही हाईटेंशन लाइन, अनहोनी की आशंका
उत्तम विहार विकास समिति के प्रधान सत्यवान हुड्डा ने बताया कि उत्तम विहार काॅलोनी में हाईटेंशन लाइन की केबल लाढ़ौत रोड जाट चौपाल से लेकर काॅलोनी की गली नंबर 10 पर लगे ट्रांसफार्मर तक बिल्कुल खराब है। वहां पर कई ज्वाइंट लगे हुए हैं। दिन हो या रात कभी भी अचानक खराब हो जाती है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी अफसरों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक ट्रांसफार्मर का मेंटीनेंस नहीं किया जा सका है। इससे काॅलोनीवासियों को हर समय अनहोनी की आशंका बनी रहती है। शिकायती पत्र लेने के बाद एसई ने उन्हें जल्द समस्या का समाधान कराने के लिए आश्वस्त किया।
रोहतक बिजली सभा में लोगो की शिकायत सुनते बिजली निगम के चेयरमेन बीएस गर्ग।
गांव में लगे पोल क्षतिग्रस्त हैं, सुधरवा दो साहब
टिटौली गांव निवासी प्रवीण ने बताया कि गांव में लगे पोल क्षतिग्रस्त हालत में हैं। साहब, इसके ऊपर से गुजर रहे पोल भी खराब हैं। एलटी लाइन की तार जमीन तक पहुंच रही है। गांव की गलियों में केबल नहीं लगाई गई है। गांव के लिए ट्रांसफार्मर भी पास है, लेकिन अभी तक इसे नहीं लगाया गया है। इस समस्याओं से निजात दिलाने के लिए पूर्व में भी कई बार शिकायती पत्र दे चुके हैं, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। साहब, इसे सुधरवा कर ग्रामीणों को परेशानी से निजात दिला दो। अफसरों ने जांच कराकर शिकायत दूर कराने को आश्वस्त किया।
दूसरे के नाम से जारी कर दिया मीटर
प्रीत विहार निवासी विनोद ने बताया कि मकान की रजिस्ट्री मेरे नाम से है। बिजली निगम ने मेरे मकान के पते पर दूसरे के नाम से मीटर कनेक्शन जारी कर दिया। अब मैं मीटर कनेक्शन कटवाने के लिए चक्कर काट रहा हूं। मैंने आरटीआई के माध्यम से पांच कॉलम में जानकारी मांगी थी, लेकिन एक भी जवाब हमें अभी तक नहीं मिला है। हमारी मांग है कि मीटर उतारा जाए और जिस भी कर्मचारी ने अवैध कनेक्शन जारी किया है, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।