स्नेचिंग गिरोह के बदमाशों की तलाश में सोनीपत और पानीपत में पुलिस ने मारे छापे
पुलिस की एवीटी टीम ने अंतरराज्यीय स्नेचिंग गिरोह के बदमाशों की तलाश में सोनीपत और पानीपत में छापेमारी की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गिरोह के कुछ बदमाश पानीपत के गांव राणा माजरा में छिपे हैं। छापेमारी में कोई भी आरोपी हाथ नहीं लगा। इसके अलावा पुलिस ने सोनीपत में भी छापेमारी की। अब पुलिस नोएडा, दिल्ली, गुरुग्राम और गाजियाबाद में आरोपियों के ठिकानों का पता लगाने में जुटी है। वारदात करने के बाद आरोपी अपने इन्हीं ठिकानों पर पहुंचते है। पुलिस को अभी तक इन ठिकानों के बारे में कोई भी सुराग नहीं मिला है, लेकिन इनका पता लगाने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन की मदद ली जा रही है। फिलहाल पुलिस सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर की रिश्तेदार ममता अरोड़ा के गले से चेन तोड़ने वाले यूपी के शामली स्थित गांव अहमदगढ़ का रंधावा और खानपुर के सहवाग की तलाश है। 23 अप्रैल की सुबह रोहतक के सोनीपत स्टैंड पर बाइक सवार दो बदमाश सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर की रिश्तेदार मानसरोवर कॉलोनी निवासी ममता अरोड़ा से सरेआम चेन छीनकर फरार हो गए थे। 49 वर्षीय पूर्व अध्यापिका ममता ने बहादुरी दिखाते अपनी एक्टिवा को तेज दौड़ाते हुए बाइक सवार स्नेचरों का दो किलोमीटर तक पीछा किया था, लेकिन सफलता नहीं मिली पर बदमाशों को पकड़ने की कोशिश में उनकी एक टांग टूट गई थी। इसके बाद में पुलिस जांच में खुलासा हुआ था कि वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपी अंतरराज्यीय स्नेचिंग गिरोह के बदमाश हैं। गिरोह के बदमाश सात राज्यों के 60 थानों में वांटेड हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। स्नेचिंग गिरोह के बदमाश काफी समय से पुलिस के लिए परेशानी बने हुए है। पुलिस सूचना के आधार पर ही अभी पानीपत और सोनीपत में छापेमारी कर रही है। पुलिस को जानकारी मिली थी स्नेचिंग गिरोह के बदमाश पानीपत और सोनीपत में छिपे हो सकते है।