कैंप की दुकानों को बचाने के लिए सीएम से मिले मंत्री, आश्वासन मिला-नहीं टूटने देंगे
गांधी कैंप बाजार की दुकानों को बचाने के लिए सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने मंगलवार को विदेश से लौटे मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की। उनको एलीवेटेड से संबंधी सभी पहलुओं की जानकारी दी। साथ ही रेलवे की ओर से निशानदेही किए गए 59 निर्माण को बचाने की गुहार लगाई, ताकि लगभग 60 वर्ष से वहां अाबाद दुकानदारों का नुकसान बचाया जा सके। गोहाना रेलवे लाइन पर निर्माणाधीन एलीवेटेड रेलवे ट्रैक के चलते गांधी कैंप मार्केट की दुकानों को खतरा पैदा हो गया है। मंत्री ग्रोवर ने कुछ दिन पहले ही दुकानदारों और रेलवे इंजीनियरों के साथ के साथ बैठक कर स्थिति का जायजा लिया और आश्वासन दिया था कि वे किसी भी दुकानदार की दुकान का एक इंच भी नुकसान नहीं होने देंगे। इसी के मद्देनजर मंगलवार को सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर एयरपोर्ट से ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ चंडीगढ़ गए।
रेलवे अफसरों से करेंगे मीटिंग मंगलवार शाम को चंडीगढ़ में सीएम मनोहर लाल और मंत्री मनीष ग्रोवर में बातचीत हुई। दावा किया जा रहा है कि सीएम की ओर से आश्वासन दिया गया है कि किसी भी दुकानदार का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। इस व्यापारी नेता राजेश लूंबा टीनू ने बताया कि उनकी सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर से बातचीत में इस बारे में जानकारी मिली है। रेलवे के शीर्ष अधिकारियों से भी बात चल रही है।