कल्पना चावला मेडिकल विवि का नाम बदलने पर निंदा प्रस्ताव किया पास
रोहतक | करनाल की कल्पना चावला विवि का नाम दीन दयाल उपाध्याय के नाम पर रखे जाने पर पंजाबी समुदाय ने आपत्ति जाहिर की है। हरियाणा पंजाबी स्वाभिमान संघ के बैनर तले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल को निंदा प्रस्ताव भेजा है। संघ के प्रदेशाध्यक्ष हेमन्त बख्शी ने कहा कि प्रदेश सरकार पंजाबी समुदाय के साथ गलत कर रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि करनाल की बेटी कल्पना चावला ने देश के लिए अपनी कुर्बानी दी थी। अब प्रदेश सरकार उनके नाम पर बनने वाली यूनिवर्सिटी का नाम बदलकर दीनदयाल उपाध्याय रख दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने इस फैसले को वापस नहीं लिया तो पंजाबी समुदाय धरने एवं प्रदर्शन करने को मजबूर होगा। यूनिवर्सिटी के नाम को बदलकर प्रदेश सरकार ने न केवल हरियाणा बल्कि हर भारतीय की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने कहा एक ओर तो भाजपा बेटी बचाओं-बेटी पढ़ाओ के नारे को बुलंद करने की बात करती है।