रुदावल। गांव ब्रह्मवाद में गत रात को चोरों ने तीन दुकानों के ताले तोड़ कर दो दुकानों से सामान व नकदी चोरी कर ले गए। जबकि तीसरी ई मित्र की दुकान में चोरी करने में असफल रहे। जानकारी के अनुसार रविवार की रात को चोरों ने गांव ब्रह्मवाद के बस स्टैंड पर स्थित नीरज शर्मा की परचून की दुकान का ताला तोड़कर पेटी में रखे 48 सौ रुपए, सिगरेट, बीड़ी एवं कोल्ड ड्रिंक की बोतले चोरी कर ले गए। जबकि बगल में लालाराम गुर्जर की ई मित्र की दुकान की शटर के ताले तोड़ दिए, लेकिन शटर नहीं खुलने से चोरी करने में नाकाम रहे। तीसरी घटना बाजार में प्रकाश शर्मा की आटा चक्की की दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखे सात सौ रुपए चोरी कर ले गए। सुबह दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो उन्हें ताला टूटा हुआ मिला। घटना के संबंध में पीडि़तों ने रुदावल थाना पुलिस को रिपोर्ट दी है।