बंशी पहाड़पुर खनन क्षेत्र में एसीबी की कार्रवाई के बाद एक महीने से बंद पड़े खनन कार्य के बाद पुन: दो दिन से अवैध पत्थर से भरे वाहनों की निकासी होने की सूचना पर रुदावल थाना पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पत्थर निकासी रोकने के लिए पुलिस ने ब्रह्मवाद मोड़ पर पुलिसकर्मी तैनात कर चौबीस घंटे गश्त शुरू कर दी है। जिससे अवैध खननकर्ताओं में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार बंशी पहाड़पुर क्षेत्र में एसीबी की कार्रवाई होने से एक महीने से पत्थर निकासी कार्य बंद पड़ा है। दो दिन से पत्थरों से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली चोरी-छिपे गांवों के रास्तों से होकर निकलकर बयाना पहुंच गई। यह सूचना पुलिस के उच्चाधिकारियों तक पहुंच गई। जिससे रुदावल थाना पुलिस सक्रिय हो गई। रुदावल एसएचओ प्रेमसिंह भास्कर ने बताया कि गुर्जर आरक्षण आंदोलन में पुलिस के व्यस्त रहने का फायदा उठाकर खनन माफियों ने पत्थर से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियों को चोरी-छिपे गांवों के रास्तों में होकर निकाल ले गए। जिस पर पुलिस ने नाकाबंदी की तो चार ट्रैक्टर-ट्रालियों को लावारिस छोड़कर भाग गए। जिस पर पुलिस ने चारों ट्रैक्टर-ट्रालियों को जब्त कर लिया। बीती रात्रि को पत्थर से भरी ट्रैक्टर-ट्राली निकलने की सूचना मिली। पत्थर निकासी पर लगाम कसने के लिए ब्रह्मवाद मोड़ पर छह-छह पुलिसकर्मियों की छह-छह घंटे की ड्यूटी लगाई गई और वाहनों को रोकने के लिए नुकीले स्टॉपर रखे गए है। इसके साथ पुलिस जीप की चौबीस घंटे गश्त लगाई गई है। जिस स्थान से होकर पत्थर के वाहन निकल रहे है उनको चिंहित किया जा रहा है। पुलिस द्वारा शिकंजा कसने से अवैध खननकर्ताओं में हड़कंप मच गया है।
रुदावल. ब्रह्मवाद मोड़ पर पत्थर निकासी रोकने के लिए तैनात की गई पुलिस।