बिजली के तार से पेड़ में लगी आग, डाली गिरने से एक घायल
कस्बा उच्चैन के पेट्रोल पंप के पास बुधवार सुबह बिजली का तार टकराने से शीशम के पेड़ में आग लग गई। जिससे पेड़ की डाली गिरने से घर के बाहर सफाई कर रहे बाबूलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए उच्चैन सीएचसी पर भर्ती कराया गया। वही पेड़ में आग लगने की सूचना पर भरतपुर से पहुंची दमकल ने आधा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार कस्बा उच्चैन निवासी बाबूलाल महारथी के घर के सामने शीशम के पेड़ के बीच में होकर बिजली लाइन जा रही है। बुधवार सुबह बिजली लाइन का तार डाली से टकराने से पेड़ में आग लग गई। इस दौरान घर के बाहर सफाई कर रहे बाबूलाल के ऊपर पेड़ की डाली आकर गिर गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पेड़ में आग की लपटों को देख ग्रामीणों ने डिस्कॉम को सूचना देकर बिजली बंद करा कर आग बुझाने का प्रयास किया। गौरतलब है कि जिले में दमकलों की कमी है। इस कारण जब भी आगजनी की घटनाएं होती हैं तो दमकल समय पर पहुंच ही नहीं पाती हैं। इससे लोगों को हजारों लाखों का नुकसान होता है। हालांकि सरकार की ओर से बीते दिनों सभी नगर पालिकाओं को एक एक दमकल देने की घोषणा की है। इनका अभी आना शेष है। इनके आने पर राहत मिलेगी।