सड़क धंसी गिट्टियों से भरा ट्रक पलटा
कस्बे के धौलपुर रोड स्थित बाइपास के पास सड़क के जमीन में धंस जाने के कारण गिट्टियों से भरा ट्रक पलट गया। प्रत्यक्षदर्शी हेमंत गोयल ने बताया कि खदानों से गिट्टियां भरकर ला रहा ट्रक बाइपास के निकट श्रीभानसिंह के मकान के सामने अचानक ही सड़क के जमीन में धंस जाने से ट्रक असंतुलित होकर पलट गया। सड़क पर गिट्टियां फैल गई। चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। इसके बाद जेसीबी व क्रेन की मदद से गिट्टियों को एक तरफ करके खाली ट्रक को सीधा किया गया।
कस्बे के लोगों का कहना था कि ऊंचा नगला से लेकर धौलपुर तक एनएच 123 को बना रहे ठेकेदार ने इस सड़क को कमजोर व गुणवत्तापूर्ण नहीं बनाया था। बनाते समय भी लोगों ने मिट्टी पर अच्छी तरह से रोलर चलाने की बात कही थी। लेकिन ठेकेदार व उनके कर्मचारियों ने जनता की बात पर ध्यान नहीं दिया। इस कारण केवल एक माह बाद ही सड़क धंस गई। इस बारे में ठेकेदार के कर्मचारियों का कहना हैं कि दुबारा से इस सड़क का गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य कराया जाएगा।
रूपवास. सड़क पर पलटा पड़ा गिट्टियों से भरा ट्रक।