- Hindi News
- National
- ट्रैक्टर व कमांडर की टक्कर में बेटी का तिलक चढ़ा कर लौट रहे पिता की मौत, दो हुए घायल
ट्रैक्टर व कमांडर की टक्कर में बेटी का तिलक चढ़ा कर लौट रहे पिता की मौत, दो हुए घायल
एनएच 75 पर सिगरा खुर्द में ट्रैक्टर और कमांडर की टक्कर में बेटी का तिलक चढ़ा कर लौट रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक का नाम कर्मदेव मोची है। वह पाटन थाना क्षेत्र के बैदा का रहने वाला था। हादसे से आक्रोशित लोगों ने एनएच 75 को लगभग दो घंटा जाम कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर प्रशिक्षु डीएसपी चंद्रशेखर, पुलिस निरीक्षक तरुण कुमार और सदर थाना प्रभारी ममता कुमारी घटनास्थल पर पहुंच कर जाम कर रहे लोगों से बात की और सरकारी सहायता देने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम हटा। जानकारी के अनुसार बैदा के कर्मदेव मोची अपनी बेटी का तिलक चढ़ाने गुरुवार को रामगढ़ गए थे। तिलक चढ़ा कर शुक्रवार की सुबह वे लौट रहे थे। इसी दौरान सिगरा खुर्द के पास मुख्य पथ पर एक पेड़ गिरा था। उनका कमांडर बगल से निकल ही रहा था कि ईंट लेकर जा रहा ट्रैक्टर उसे रगड़ते हुए निकल गया। इसी क्रम में साइड में बैठे कर्मदेव गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के सहयोग से उन्हें सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम करा कर शव के साथ मुख्य पथ को लगभग सुबह नौ बजे जाम कर दिया। जाम 11 बजे तक रहा। इस घटना में कमांडर पर सवार बिरजू राम व शशिकांत भी घायल हो गए। दोनों काे सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया। इस मौके पर उताकी पंचायत के मुखिया अखिलेश सिंह, आजसू नेता राहिल राज उर्फ प्रकाश राम सहित कई लोग मौजूद थे।