भाजपा के समर्थन में शो कर रहे जादूगर को पीटा, 3 नामजद
लातेहार | जिला मुख्यालय के शिवम कॉम्प्लेक्स में नगर पंचायत चुनाव में भाजपा के प्रत्याशियों के पक्ष में जादू के माध्यम से प्रचार कर रहे युवक की शुक्रवार को जमकर पिटाई कर दी गई। जादूगर भोपाल का रहनेवाला जब्बीर खान है। वह गंभीर रूप से घायल हो गया है जिसका इलाज सदर अस्पताल लातेहार में चल रहा है। बताया जाता है कि जादूगर भाजपा का प्रचार कर रहा था। इसी बीच जितेंद्र चंद्रवंशी अपने दो सहयोगी के साथ पहुंचे और यह कह कर मारपीट शुरू कर दी कि यहां भाजपा का प्रचार नहीं होगा। तीनों पर लातेहार थाना में नामजद मामला दर्ज कराया गया है। थानेदार रमेश कुमार सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। जितेंद्र समेत तीनों आरोपी उपाध्यक्ष पद के निर्दलीय उम्मीदवार नवीन कुमार सिन्हा के समर्थक बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद भाजपाइयों में रोष है। सबने तीनों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।