- Hindi News
- National
- दुमका : हत्या के आरोपी पिता पुत्र पर चाकू से जानलेवा हमला, गंभीर रुप से घायल
दुमका : हत्या के आरोपी पिता-पुत्र पर चाकू से जानलेवा हमला, गंभीर रुप से घायल
दुमका| दुमका शहर के श्रीरामपाड़ा मोहल्ला में वर्ष 2013 में संजय वर्मा के पुत्र की हुई हत्या मामले के मुदालय मून खान एवं उसके पिता मुश्ताक खान पर गांधी मैदान के समीप उस्तरा व धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया। जिसमें दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जख्मी हालत में इन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टाउन थाना के थानेदार देवव्रत पोद्दार ने बताया कि वर्ष 2013 में संजय वर्मा के पुत्र की हत्या मामले में भागलपुर के भीखनपुर निवासी मून खान मुदालय है।
बुधवार को दुमका कोर्ट में तारीख पर हाजिर होने के लिए अपने पिता मुश्ताक खान के साथ दुमका बाइक से आए थे। कोर्ट से लौटने के क्रम में गांधी मैदान के समीप ब्लू रंग की पल्सर बाइक पर सवार अपराधियों ने पहले मून की मोटरसाइकिल में ठोकर मारी, फिर अपराधियों ने इन पर उस्तरा और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावर आठ से 10 की संख्या में थे। मून का आरोप है कि उन पर हमला संजय वर्मा ने ही कराया है। बहरहाल, घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। खबर भेजे जाने तक पुलिस इस मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।