सरायकेला | सरायकेला थाना क्षेत्र के धातकीडीह गांव में रविवार की सुबह शैलेंद्र महतो (38) की मौत हो गई। इसे हत्या मानते हुए सरायकेला पुलिस ने मामले के आरोपी मृतक के पड़ोस में रहनेवाली रतनी महतो को गिरफ्तार कर लिया है। एक अन्य आरोपी रतनी का बेटा लाला महतो फरार बताया जा रहा है। इस संबंध में मृतक शैलेंद्र के भाई भोला महतो की शिकायत पर सरायकेला पुलिस ने प्रारंभिक जांच कर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार आपसी विवाद में मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों में आपसी विवाद के बाद बीते 18 मई की रात तकरीबन 9 बजे शैलेंद्र अपने पड़ोस के रतनी महतो के घर गया था, जहां प|ी और उसके बेटे लाला महतो द्वारा शैलेंद्र की पिटाई किए जाने की बात बताई जा रही है। इस मारपीट के दौरान शैलेंद्र को गंभीर अंदरूनी चोटें आई। उसका इलाज शैलेंद्र के परिवार द्वारा घर पर रखकर गांव में ही कराया जा रहा था। लेकिन रविवार सुबह तीन बजे शैलेंद्र का स्वास्थ्य बिगड़ा, तो उसे सदर अस्पताल सरायकेला ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन उसकी मौत हो गई।