पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • मिड डे मील की खिचड़ी में गिरी छिपकली, 25 बच्चे बीमार

मिड-डे-मील की खिचड़ी में गिरी छिपकली, 25 बच्चे बीमार

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज | डोमचांच (कोडरमा)

उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिमरिया में शनिवार को मिड-डे-मील की खिचड़ी में छिपकली गिर गई। यह खिचड़ी खाकर 25 बच्चे बीमार हो गए। इन्हें रेफरल अस्पताल ले जाया गया। जहां से सदर अस्पताल भेज दिया। यहां इलाज के बाद बच्चों को छुट्‌टी दे दी गई। एक मेडिकल टीम गांव में कैंप कर रही है। जिला शिक्षा अधीक्षक नारायण साह ने इसे लापरवाही का मामला बताते हुए जांच कराने की बात कही है।

शनिवार को स्कूल में 176 बच्चे मौजूद थे। सुबह 10:30 बजे इन्हें खिचड़ी दी गई। करीब 50 बच्चों को खिचड़ी परोसने के बाद रसाेइया ने खिचड़ी में छिपकली देखी। वह बच्चों को रोकने गईं, लेकिन तब तक कई बच्चों ने खाना खा लिया था और कई बच्चे खिचड़ी लेकर घर जा चुके थे। खाने के कुछ देर बाद ही बच्चों को चक्कर और उल्टी की शिकायत होने लगी। मुखिया हरिशंकर यादव और अन्य ग्रामीणों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। डॉ. रंजीत कुमार के नेतृत्व में मेडिकल टीम को स्कूल भेजा गया है।

अस्पताल में छत का प्लास्टर गिरा

बीमार बच्चों को रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान वार्ड में छत का प्लास्टर टूटकर बेड के समीप गिर गया। उस समय बच्चों के साथ कई अभिभावक भी वहां मौजूद थे। यह अस्पताल भवन काफी जर्जर हो चुका है।

लकड़ी पर बना था खाना: स्कूल में गैस सिलेंडर है। इसके बावजूद रसोइया ने पाकशाला के बरामदे में लकड़ी पर खाना बनाया था। आशंका जताई जा रही है धुएं के कारण छिपकली गिर गई होगी।

खबरें और भी हैं...