चंदवा पुलिस द्वारा जब्त किया गया ट्रैक्टर।
भास्कर न्यूज | चंदवा
रांची-चतरा एनएच 22 पर चंदवा थाना क्षेत्र के जोबिया गांव में ईंट ढुलाई कार्य में लगा ट्रैक्टर पलटने से ट्रैक्टर पर सवार मजदूर की दबकर मौत हो गई। मृत मजदूर इसी थाना क्षेत्र के चेटुआग गांव निवासी बाबूलाल गंझू का पुत्र मुकेश गंझू (25) है। मृतक की मां ने पुलिस को बताया कि बबलू उरांव नामक व्यक्ति शुक्रवार को उसे अपना ट्रैक्टर पर काम करने के लिए ले गया था। यह घटना भी शुक्रवार की रात में ही हुई। मजदूर की मौत के बाद मालिक शव को वहीं छोड़कर ट्रैक्टर लेकर भाग गया था। शनिवार की सुबह शव पड़े होने की सूचना पर परिवार वाले वहां पहुंचे व घटना की सूचना चंदवा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची व शव को अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लातेहार भेज दिया। मृतक की मां के बयान पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छुपाकर रखे गये स्वराज कंपनी के ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। बताया जाता है कि अवैध रूप से संचालित बंगला ईंट भट्ठा से ईंट लादकर ट्रैक्टर जा रहा था। इसी बीच जोबिया गांव के पास अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलट गया। पुलिस ईंट भट्ठा संचालक व ट्रैक्टर मालिक को चिह्नित कर कार्रवाई करने में जुट गई है।