सारण में बिजली के तार की चपेट में आई स्कूली वैन, दो बच्चों की मौत
भास्कर न्यूज | बनियापुर (सारण)
थाना क्षेत्र के बंगाली पट्टी गांव के पास बच्चों को घर छोड़ने जा रही एक स्कूली वैन हाइटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गई। इस हादसे में दो स्कूली बच्चों की झुलसकर मौत हो गई। 7 बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया। वहीं गाड़ी चला रहे स्कूल संचालक उमेश गिरी भी झुलस गए। उनका सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। बनियापुर के कामता में स्थित मिशन इन प्राउड ऑफ एजुकेशन स्कूल की वैन बच्चों को छोड़ने घर जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर पहले से गिरी बिजली के तार के संपर्क में गाड़ी आ गई। लेकिन, गनीमत रही कि कुछ ही सेकेंड में शार्ट सर्किट के बाद लाइन कट गई। इससे स्थानीय लोगों ने बाकी बच्चों को सुरक्षित बचा लिया। वैन में 9 बच्चे सवार थे। घटना बुधवार दोपहर करीब 3 बजे की है। मृतकों में बनियापुर के कामता गांव निवासी श्रीभगवान प्रसाद की छह वर्षीय पुत्री अदिति और छितौनी गांव निवासी जयकिशोर सिंह की पांच वर्षीय पुत्र रौशन कुमार शामिल है। अदिति एलकेजी और रौशन यूकेजी का छात्र था।
7 बच्चों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बचाया
हादसे के बाद घटनास्थल पर जमा भीड़।