कहा- कांग्रेस बगुला भगत की भूमिका में
पॉलिटिकल रिपोर्टर . जयपुर | राज्य की भारतीय जनता पार्टी ने कर्नाटक में 104 सदस्यों के होने के बावजूद भाजपा के सरकार बनाने की कार्रवाई को उचित ठहराते हुए कांग्रेस को बगुला भगत करार दिया है। साथ ही दावा किया गया है कि 104 सदस्यों वाली पार्टी अपना बहुमत सिद्ध करेगी और इसमें अन्य विधायक-जनप्रतिनिधि सरकार बचाने के लिए सहयोग करने की नीति से समर्थन देंगे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने गुरुवार को यहां पार्टी कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस में यह दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस को अपने कार्यकाल में बनी सरकारों को हटाने के मामले याद नहीं है और अब राज्यपाल ने बहुमत के आधार पर सरकार बनाने का न्यौता दिया तो तकलीफ होने लगी। कांग्रेस लोकतंत्र की हत्या का प्रलाप कर रही है, जिससे यह कहावत साबित होती है कि सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली।
डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में अंबेडकर के बनाए संविधान को कई बार चीर-चीर किया है। उन्होंने इंदिरा गांधी द्वारा आधी रात को आपात काल घोषित करने और इसके लिए अगले दिन राष्ट्रपति से साइन कराने से लेकर कार्यकाल को छह साल बढ़ाने जैसे काम का उदाहरण दिया। डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार के कार्यकाल में इन्हीं यदुरप्पा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार को राज्यपाल हंसराज भारद्वाज ने गलत तरीके से बहुमत साबित करने का आरोप लगा कर बर्खास्त कर दिया था। उन्होंने कांग्रेस कार्यकाल के छह और राज्यपालों के उदाहरण भी दिए।
इससे पहले भाजपा कार्यालय में गुरुवार को कर्नाटक में भाजपा की सरकार बनने के उपलक्ष्य में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और मिठाई बांट कर खुशी का इजहार किया। सभी कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को बधाइयां भी दी।