भिवाड़ी (अलवर) | राजस्थान सहित 7 से अधिक राज्यों में एटीएम हैंग कर एक हजार से ज्यादा वारदात करने वाले शातिर बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। करीब 8 साल से वारदातें कर रहे 26 साल के आरोपी युवक को यह तक याद नहीं कि कितनी वारदातें कर चुका है। वह बीसीए द्वितीय वर्ष का छात्र है और पढ़ाई के दौरान ही एटीएम हैंग करने के तरीके सीखे। फिर अपने दोस्तों के साथ गैंग बनाई और उन्हें भी ट्रिक सिखाई। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि गैंग ने नगालैंड, पश्चिम बंगाल तक वारदातें कीं। हवाई जहाज से वारदातें करने आते-जाते थे। हैंग करने के अलावा एटीएम कार्ड बदलकर भी वारदात करते थे। सीओ सिद्घांत शर्मा ने बताया कि गैंग के सरगना शकील अहमद (26) पुत्र वहीद मेव निवासी मालुका थाना बहीन जिला पलवल हरियाणा को भिवाडी के समीप ग्वालदा मोड़ से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है। इसे वारदात में इस्तेमाल करते थे। उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।
फ्लाइट से जाता वारदात को अंजाम देने
पुलिस ने बताया कि शकील की गैंग ने राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, नगालैंड में वारदातें की हैं। पहले गैंग के कुछ सदस्य रैकी करते हैं। वारदात करने के बाद नई जगह रैकी शुरू कर देते। एटीएम से ठगी रकम से महंगे होटलों में रुकते हैं। उनकी लाइफ स्टाइल ऐसी कि कोई उन पर शक न कर सके। कई मर्तबा वारदात के लिए आरोपी ने गैंग के सदस्यों के साथ हवाई यात्रा भी की। गैंग हर माह अलग-अलग राज्यों में आठ से दस वारदातें करती है।
भिवाड़ी ठगी ने पहुंचाया इस अंतरराज्यीय गैंग तक
भिवाड़ी में अन्नपूर्णा वैन के चालक करौली निवासी दानसिंह मीणा ने 27 फरवरी को एटीएम हैंग कर रुपए निकाल लिए जाने का मामला दर्ज कराया था। उसने बताया कि बस स्टैण्ड स्थित एटीएम पर रकम नहीं निकली तो वहां खड़े दो युवकों ने मदद के नाम पर उसका एटीएम कार्ड लिया। फिर भी पैसे नहीं निकले तो वह लौट आया। कुछ देर बाद 20 हजार रुपए निकल जाने का मैसेज आया। इसी मामले की टोह लेते पुलिस शकील के गैंग पहुंची।