अजित राय | फ्रांस के 71 वें कान फिल्म समारोह से
71वें कान फिल्म फेस्टिवल के समापन समारोह में मंच से यौन शोषण के िखलाफ आवाज उठी। इटली की अभिनेत्री आसिया अरगेंटो ने शनिवार को आरोप लगाया कि हार्वे वेंस्टाइन जैसे फिल्म प्रोड्यूसरों के लिए कान फिल्म समारोह जमाने से औरतों का शिकार करने की पसंदीदा जगह रही है। अासिया ने कहा- वेंस्टाइन ने मेरे साथ 1997 में कान समारोह में ही दुष्कर्म किया था। उस समय मैं 21 साल की थी। उनके इस खुलासे से खचाखच भरे ग्रैंंड थियेटर लूमिएर में कुछ पल के लिए सन्नाटा छा गया। पुरस्कारों की घोषणा से ठीक पहले आसिया ने कहा- यहां मैं भविष्यवाणी करती हूं कि हार्वे वेंस्टाइन को कान फिल्म समारोह में कभी नहीं बुलाया जाएगा। हार्वे को अब सारी जिंदगी इस बदनामी के साथ अकेले रहना होगा।
विश्व फिल्म समुदाय उसका भी बहिष्कार करेगा, जो औरतों के साथ किए गए उसके अपराधों पर पर्दा डालते रहे हैं। अभिनेत्री ने सभागार में बैठे दुनियाभर के फिल्मकारों की ओर इशारा करते हुए कहा- यहां आज भी कुछ लोग हार्वे वेंस्टाइन जैसे इरादे के साथ बैठे हैं और आप उन्हें जानते हैं, अब हम उन्हें मनमानी करने के लिए खुला नहीं छोड़ सकते। गौरतलब है कि दुनियाभर में चले ‘मी टू’ कैंपेन के घेरे में कान समारोह के आते ही फ्रांस की इक्वलिटी मिनिस्टर मर्से शिपापा ने कान में औरतों के लिए एक हेल्पलाइन शुरू की थी। 12 मई को भारत की रोहेना गेरा सहित दुनियाभर के महिला फिल्मकारों ने यौन शोषण के खिलाफ रेड कारपेट पर मार्च किया था।
कान फिल्म समारोह ने सिनेमा में औरतों के शोषण और उन्हें इज्जत देने के मुद्दों को तरजीह देते हुए इस बार एक महिला (आस्ट्रेलियाई अभिनेत्री केट ब्लांशेट) को जूरी का प्रेसिडेंट बनाया है। जूरी में इस बार नौ में से पांच सदस्य महिलाएं चुनी गई हैं।