पाकिस्तान की पंजाब सरकार ने कृष्ण मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 2 करोड़ रुपए दिए
इस्लामाबाद | पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की सरकार ने रावलपिंडी में स्थित कृष्ण मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए दो करोड़ रुपए दिए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के रावलपिंडी और इस्लामाबाद में केवल कृष्ण मंदिर ही ऐसा है, जो श्रद्धालुओं के लिए खुला रहता है। अखबार डॉन ने इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड (ईटीपीबी) उप प्रशासक मोहम्मद आसिफ के हवाले से बताया है कि प्रांतीय एसेंबली के एक सदस्य के आग्रह पर ये राशि जारी की गई है।
आसिफ ने बताया कि मंदिर का विस्तार कार्य शीघ्र शुरू होगा। एक टीम ने स्थल का दौरा किया है और जहां पर प्रतिमाएं रखी गई हैं, उस मुख्य कक्ष को सौंदर्यीकरण की समाप्ति तक बंद रखा जाएगा। अधिकारी ने बताया कि मंदिर में जगह होने से आसपास के दोनों शहरों और नजदीकी इलाकों के श्रद्धालुओं को सुविधा होगी। उजागर मल राचपाल ने 1897 में इस मंदिर का निर्माण करवाया था।