फरीदकोट|जिला फरीदकोट में चार प्रमुख मंडियों फरीदकोट, कोटकपूरा, जैतो व सादिक समेत 64 ग्रामीण खरीद केंद्रों में गेहूं की खरीद का काम पूरा हो चुका है। सभी मंडियों में लिफ्टिंग का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। पिछले वर्ष के मुकाबले में इस साल जिला फरीदकोट में गेहूं की आमद में महज सवा दो प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला मंडीकरण अफसर कुलबीर सिंह मत्ता ने बताया कि इस साल मौसम की वजह से गेहूं की खरीद व लिफ्टिंग का कार्य काफी प्रभावित हुआ। इस साल 16 मई तक जिला फरीदकोट की मंडियों में 513400 टन गेहूं की आमद हुई जबकि पिछले साल 502500 टन गेहूं की आमद हुई थी। इस साल 10900 टन ज्यादा गेहूं की आमद हुई जोकि पिछले साल के मुकाबले महज करीब सवा दो प्रतिशत अधिक है। सरकार की पांच खरीद एजेंसियों समेत एफसीआई की तरफ से गेहूं की खरीददारी की गई और सभी किसानों को उनकी फसल का भुगतान भी किया जा चुका है।