मशीन की स्पार्किंग से लगी आग, तूड़ी जली
नजदीकी गांव साधूवाला में खेत में गेहूं कटाई के बाद तूड़ी तैयार करते समय आग लगने से ट्रॉली में भरी तूड़ी जलकर राख हो गई। गांव के गुरुद्वारा साहिब से हुई अनाउंसमेंट के बाद एकत्रित गांव वासियों ने अपने दम पर आग पर काबू पाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सादिक वासी जगमीत सिंह फिरोजपुर रोड पर स्थित अपने खेत में तूड़ी बना रहा था तो अचानक तेज हवा व मशीन के स्पार्क से तूड़ी वाली ट्राली को आग लग गई। तूड़ी बना रहे लोगों के सूचित करने पर गांव के गुरुद्वारा साहिब से हुई अनाउंसमेंट से गांव के लोग ट्रैक्टर और बाल्टियों में पानी लेकर खेत पहुंच गए और आग पर काबू पाया। आग के समय रहते बुझ जाने के चलते आस-पास के खेतों में पककर खड़ी फसल का बचाव हो गया। फरीदकोट से फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचने से पहले आग काबू में पाया जा चुका था।
खेत में तूड़ी की ट्राली को लगी आग को बुझाने में लगे गांववासी।