विकास के लिए आई राशि में घपला करने के मामले में नामजद पूर्व सरपंच गिरफ्तार
सरकार से विकास कार्य के लिए मिली ग्रांट में से घपला करने के मामले में पंचायत अधिकारी की लिखित शिकायत पर दर्ज करीब एक महीना पुराने केस के आरोपी गांव मुमारा के पूर्व सरपंच को थाना सादिक पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। फरीदकोट के ब्लाक विकास व पंचायत अधिकारी छतरपाल सिंह द्वारा एसएसपी फरीदकोट को दी गई शिकायत के अनुसार वर्ष 2008 से लेकर 13 तक गांव मुमारा के सरपंच रहे गुरचैन सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान करीब दो लाख 27 हजार एक सौ बारह रुपए का गबन किया। विभाग द्वारा की गई रिकवरी की कार्रवाई के दौरान बार-बार मांग के बावजूद उसने गबन की गई राशि विभाग के पास जमा नहीं करवाई। इसके बाद इस राशि की वसूली के लिए तहसीलदार फरीदकोट के माध्यम से किए गए प्रय| के बाद भी रिकवरी नहीं करवा सके। इसी शिकायत के आधार पर की गई जांच के बाद एसएसपी फरीदकोट द्वारा दिए गए आदेशों पर थाना सादिक पुलिस ने इस पूर्व सरपंच गुरचैन सिंह पर छह मार्च को धोखाधड़ी की आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू किया था। इसी कार्रवाई के तहत पुलिस ने रविवार को आरोपी पूर्व सरपंच गुरचैन सिंह को काबू कर लिया है। बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।