साढौरा | ब्लॉक के सरपंचों ने सरकार द्वारा उनका मानदेय बढ़ाने का स्वागत करने के साथ ही उनका एक साल से बकाया मानदेय दिलवाने की मांग की है। जसबीर सिंह पांडों, संजीव मिर्जापुर, पवन झंडा, मुनीष सादिकपुर व गुरुदेव सिंह सरावां ने प्रदेश सरकार द्वारा पंचायत प्रतिनिधियों का मानदेय बढ़ाने का स्वागत किया है, लेकिन इसके साथ ही उन्होंने एक साल से बकाया मानदेय दिलवाने की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार मानदेय में मामूली बढ़ोतरी करके वाहवाही पाने का प्रयास कर रही है। लेकिन असलियत में पंचायत प्रतिनिधियों को अपना एक साल का बकाया मानदेय पाने के लिए बीडीपीओ कार्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर होना पड़ रहा है। मामूली रकम के लिए बीडीपीओ कार्यालय के चक्कर लगाना पंचायत प्रतिनिधियों को महंगा साबित हो रहा है। उनकी मांग है कि सरकार उनका बकाया मानदेय जल्दी जारी करने के अलावा आगे से इसके नियमित भुगतान की व्यवस्था करे। बीडीओ जोगेश कुमार ने बताया कि पंचायत प्रतिनिधियों के मानदेय का बजट सरकार द्वारा जारी किया जाता है। इसके जारी होते ही तुरंत प्रभाव से पंचायत प्रतिनिधियों को दे दिया जाएगा।