भास्कर न्यूज | साढौरा/यमुनानगर
गांव सादिकपुर की पूर्व सरपंच के बेटे भूपेंद्र से हुई 70 लाख रुपए की ठगी के मामले में पहली गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने साढौरा निवासी रविकांत साहनी को गिरफ्तार किया है। उसे कोर्ट में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस पूछताछ में उसने कई बड़े खुलासे किए हैं।
जांच अधिकारी एएसआई दिलबाग सिंह ने बताया कि आरोपियों की न तो रेलवे में कोई जान पहचान है और न ही कोई बड़ा बिजनेस। उन्होंने लोगों को ठगने का पूरा जाल बुना हुआ था। एक सॉफ्टवेयर के जरिए ये लोग विदेशी नंबर से कॉल करते थे। वहीं महिलाओं की आवाज में खुद बोलते थे। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि रविकांत साहनी, अनिल बक्शी और सुरेंद्र ये तीनों लोगों का ग्रुप है। जिन्होंने हरियाणा ही नहीं राजस्थान समेत कई एरिया में लोगों से ठगी की हुई है। अब तक कितने लोगों को ठगा है यह पूछताछ पूरी होने पर खुलासा होगा। अभी दो केस सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी साहनी ने मनाली में एक होटल लीज पर लिया हुआ था। वहां पर आने वाले लोगों को भी वह अपने चुंगल में फंसा लेता था। खुद को बड़ा आदमी दिखाने के लिए वे दिल्ली, चंडीगढ़, मुंबई और राजस्थान के भरतपुर में बड़ेे-बड़े होटलों में जाकर रुकते थे। केस दर्ज होने के बाद वह वहीं पर ठहरा हुआ था। शनिवार को वह साढौरा आया था। पुलिस ने उसे पहाड़ीपुर नाका के पास पकड़ लिया।
धोखाधड़ी का आरोपी रविकांत उर्फ रवि साहनी
पूर्व सरपंच के बेटे ने जमीन बेची, मकान गिरवी रखवा दिया
साढौरा पुलिस को गांव सादिकपुर के पूर्व सरपंच के बेटे भूपेंद्र ने शिकायत दी थी कि साल 2012 में रविकांत साहनी और अनिल बख्शी उसके संपर्क में आए। रेलवे में उसके भाई कर्मवीर और धर्मवीर को भर्ती कराने के लिए तीन लाख रुपए ले लिए थे। वहीं अपने दोस्त हरपाल को विदेश भेजने के लिए रविकांत साहनी व अनिल बख्शी को दो लाख रुपए लिए थे। लेकिन न तो उन्होंने उसके भाइयों को नौकरी लगवाया और न ही दोस्त को विदेश भेजा। बाद में वे कहने लगे कि उनकी मोटी पेमेंट फंसी है। इसलिए 15 लाख और चाहिए। अगर वह दे देता है तो उसका पूरा पैसा दे देंगे। उसने यह 15 लाख यह सोच कर दे दिए कि फंसे पांच लाख मिल जाएंगे। लेकिन कोई पैसा उन्होंने वापस नहीं दिया। इसके बाद उन्होंने बात रखी कि उनकी चार करोड़ की पेमेंट हवाला में फंसी है। एक दिन उसके पास अंतरराष्ट्रीय मोबाइल नंबर से फोन आया। फोन करने वाली मैडम ने कहा कि उनका पैसों का पार्सल भेजा था, लेकिन उन्होंने उसे रिसीव नहीं किया। इससे वह वापस हो गया। अगर उन्हें अपना पार्सल लेना है तो इसके लिए पैसे देने होंगे। इसके लिए 85 हजार यूएस डालर यानि लगभग 50 लाख ले लिए गए। भूपेंद्र ने बताया कि इतनी बड़ी रकम का इंतजाम करने के लिए उसे अपनी 5 एकड़ जमीन बेचने के अलावा मकान गिरवी रखना पड़ गया।
आरोपियों से 70 लाख की रिकवरी करना चुनौती: : पूर्व सरपंच के बेटे से आरोपियों ने 70 लाख रुपए ठगे हैं। गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि यह पैसा उन्होंने आपस में बांट लिया था। कुछ खर्च कर दिया है। आरोपियों से ठगा गया 70 लाख रुपए रिकवर करना पुलिस के लिए चुनौति होगी।
राजस्थान के चुरू निवासी से 40 लाख ठग चुके: आरोपियों ने राजस्थान के चुरु वासी पूर्व सरपंच मोहेंद्र शर्मा से भी ठगी की है। बताया जा रहा है कि उन्होंने वहां पर मोहेंद्र से 40 लाख रुपए ठगे हैं। उनसे भी ठीक इसी तरह ठगी की गई है।