कोर्टरूम में गैंगस्टर की हत्या के मामले में मिंटू मोडासिया गिरफ्तार
पुलिस ने कोर्टरूम में फायरिंग कर हार्डकौर अपराधी की हत्या करने के मामले में वांछित नामजद आरोपी मिंटू मोडासिया को मंगलवार शाम गिरफ्तार किया।
एसएचओ भगवानसहाय मीणा के अनुसार मिंटू पुत्र कर्णसिंह जाट निवासी मोडावासिया को कोर्ट के आदेश पर हरियाणा पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे पुलिस को सौंप दिया।उल्लेखनीय है कि मिंटू मोडासिया बहल थाने का शातिर अपराधी है, वहीं कोर्ट रूम में फायरिंग व एचएस अजय जैतपुरा की हत्या में नामजद आरोपी है। 18 अप्रैल को हरियाणा की सीआईए टीम ने उसे गिरफ्तार किया था। मिंटू मोडासिया के खिलाफ पिलानी, राजगढ़, चूरू, हमीरवास, भालेरी सहित विभिन्न थानों में हत्या, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, मारपीट, अपहरण सहित गंभीर प्रवृति के एक दर्जन से अधिक मामलें दर्ज हैं।
व्यापारी को भी दी थी धमकी : तहसील के गांव रामपुरा में 1 व 3 फरवरी को बिल्डिंग मैटेरियल का कारोबार करने वाले व्यापारी को 20 लाख रुपए देने और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। धमकी देने वाले ने खुद को मिंटू मोडासिया बताया था। उक्त घटना के बाद पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी थी, वहीं रामपुरा के बाजार में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे।