हमीरवास पुलिस ने स्थाई वारंटी को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी पांच वर्ष पूर्व पिलानी में तीन लोगों की हत्या के मामले में भी वांछित था। थानाधिकारी इंद्रकुमार के अनुसार शनिवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि थाने के तीन मामलों में स्थाई वारंटी और पांच साल पूर्व पिलानी में तीन लोगों की हत्या के मामले में वांछित आरोपी दिनेशसिंह उर्फ शानू पुत्र माधसिंह राजपूत निवासी बिराण अपने घर आया हुआ है। आरोपी के पास अवैध हथियार भी है। थानाधिकारी ने बताया कि सूचना पर टीम का गठन कर दिनेशसिंह उर्फ शानू के घर गांव बिराण में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से एक अवैध 12 बोर बंदूक जब्त की गई है। आरोपी पिलानी थाने में वर्ष 2013 में तीन जनों की हत्या किए जाने के मामले में भी वांछित चल रहा है। आरोपी द्वारा की गई वारदातों के बारे में पूछताछ कर और जानकारी जुटाई जा रही है। उसे गिरफ्तार करने वाली टीम में हैड कांस्टेबल विक्रमसिंह, कांस्टेबल रवि कुमार, प्रदीप कुमार, नवीन कुमार तथा विक्रमसिंह शामिल थे।
गिरफ्तार आरोपी।
आरोपियों ने बोरियों में भर दो शवों को जलाया था
सात अप्रैल 2013 की रात में कुछ युवकों ने तीन जनों की हत्या कर उनके शवों को अलग- अलग स्थानों पर ले जाकर जलाकर सबूत मिटाने के प्रयास किए थे। पिलानी थाना इलाके में डुलानिया से काजड़ा जाने वाली सड़क पर सेडु की ढाणी के पास रात को एक युवक की हत्या कर उसके शव को वहां लाकर जलाने का प्रयास किया गया। सेडु की ढाणी में अपने खेत में रहने वाले घड़सीराम की प|ी बादामीदेवी रात दो बजे के लगभग लघुशंका के लिए घर से बाहर आई, तो सामने आग लगी हुई दिखाई दी। उसने घरवालो को जगाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चिड़ावा डीएसपी, पिलानी सीआई ओमप्रकाश मीणा व एसआई पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाकर अधजले 22-23 वर्ष के युवक के शव को लाकर बिरला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। इसी रात को आरोपियों ने बगड़ क्षेत्र में झुंझुनूं- खाजपुर रोड पर सड़क किनारे बोरियों में भरकर दो शवों को जला दिया था। उक्त मामले में पांच साल से दिनेशसिंह वांछित चल रहा था।