सादुलपुर. शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते प्रेमसिंह बाजौर।
शहीद के परिजन को तीन-तीन लाख रु. के चेक दिए
भास्कर न्यूज | सादुलपुर
राजस्थान सैनिक कल्याण सलाहकार समिति अध्यक्ष प्रेमसिंह बाजौर ने कहा कि शहीद अपने देश की रक्षा करते हुए प्राणों की आहुतियां देकर हमारे देवता बन गए हैं। वे सोमवार को शहीद सम्मान यात्रा के दौरान मुंदीताल में शहीद ईश्वर धाणक, रतनपुरा में शहीद शमशेरसिंह सुडा, देवीपुरा में शहीद दानाराम कुलड़िया, मिठड़ी बलवंतसिंह में शहीद चुन्नीलाल झाझड़िया की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। बाजौर ने नारी शक्ति का आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को शहीदों का त्यागमय इतिहास बताएं, ताकि उनमें देशभक्ति व राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत हो। शहीद के माता-पिता काे तीन-तीन लाख रुपए के चेक भी वितरण किए। अध्यक्षता कर रहे तारानगर विधायक जयनारायण पूनिया ने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र के कण-कण में देशभक्ति भरी पड़ी है। यहां का बच्चा सीने में बारूद लेकर पैदा होता है, जो समय आने पर दुश्मन के दांत खट्टे कर सकता है। कर्नल जगदेव चौधरी ने बताया कि जिन 1100 शहीदों की मूर्तियां आज तक उनके परिजन नहीं बना सके, उनकी मूर्तियों के लिए अध्यक्ष बाजौर ने अपनी निजी आय से 25 करोड़ की राशि देकर अनुकरणीय उदाहरण पेश किया है। इस मौके पर वीरांगना मंजीता कुमारी धाणक, वेदकौर सुंडा, पूनम देवी कुलड़िया, वीरमती झाझड़िया का शाल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष महावीर पूनिया, सरपंच फोरम के जिलाध्यक्ष राजकुमार बेनीवाल, मेजर रामकुमार कस्वां, जुगलसिंह शेखावत, सुलोचना झाझड़िया, कृष्ण भाकर, वीर बहादूरसिंह उपस्थित थे।