सादुलपुर | राज्य सरकार की ओर से रबी 2018 की समर्थन मूल्य खरीद के लिए क्रय-विक्रय सहकारी समिति को सादुलपुर में खरीद केंद्र खोलने की स्वीकृति प्रदान की है। समिति चेयरमैन गणपतराम ख्यालिया ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से 15 मई को केंद्र खोलने की स्वीकृति प्रदान की गई। सरसों केंद्र स्वीकृत होने पर कृषक ई-मित्र से सरसों विक्रय करने के लिए अपना पंजीयन करवा लेवें। पंजीयन ई-मित्र पर शुरू हो चुका है। कृषक अपना रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए ई-मित्र पर भामाशाह कार्ड, जमाबंदी, गिरदावरी, बैंक पासबुक लेकर जाएं। एक किसान अधिकतम भूमि के अनुसार प्रति बीघा 3.50 क्विंटल, अधिकतम 40 क्विंटल सरसों विक्रय कर सकता है। सरसों चार हजार रुपए प्रति क्विंटल पर खरीद की जाएगी। उन्होंने बताया कि सरसों खरीद में टोकन ऑनलाइन होंगे, जिसकी सूचना मैसेज से कृषक के फोन नंबर पर आएगी और भुगतान भी कृषकों के खाते में ऑनलाइन ही होगा। उन्होंने बताया कि सादुलपुर में 16 मई तक 31080 क्विंटल चने की खरीद हो चुकी है।