सादुलपुर | अखिल भारतीय किसान सभा तहसील कमेटी की ओर से अपनी मांगों को लेकर मिनी सचिवालय पर 22 मई को प्रस्तावित डेरा डालो, घेरा डालो आंदोलन को लेकर रविवार को ग्रामीण क्षेत्र में टीम ने जनसंपर्क किया। मंत्री बनवारीलाल बेनीवाल ने बताया कि बकाया बीमा क्लेम का भुगतान करने, किसान का कर्जा माफ करने, वृद्धावस्था, विधवा पेंशन दो हजार रुपए देने, स्वामीनाथन आयोग को लागू करने, फसल की लागत का डेढ़ गुणा भाव देने आदि मांगों को लेकर प्रस्तावित आंदोलन के लिए लूदी झाबर, खूबा, लूटाणा बास, मगनी, सदाऊ, सूरतपुरा, लसेड़ी, इंदासर, ग्वालिसर, पहाड़सर, मीठी रेडू, गुलपुरा व नरवासी आदि गांवों में किसानों से जनसंपर्क किया गया। इधर, धरना 64 वें दिन जारी रहा। धरने पर हरफूल कुल्हरि, मोहरसिंह, हरिराम टांडी, चंद्रपाल, जीवणराम मूंड, रणधीरसिंह, प्रेमसिंह, बलवानसिंह, मोहनलाल, जगतसिंह, नानकराम, महेंद्रप्रताप आदि बैठे।