घर में घुसकर हमला करने वाले आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग को लेकर सोमवार को पीड़ित परिवार के साथ शहर के कई लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। लोगों ने एसडीएम मंदीप और डीएसपी सुनील कुमार को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व पीड़ित परिवार से घायल यशपाल ने किया।
एसडीएम व डीएसपी ने लोगों को आश्वासन दिया कि वे जल्द ही इस मामले के सभी आरोपियों की तलाश कर कार्रवाई अमल में लाएंगे। इस मामले में पुलिस ने घायल यशपाल की शिकायत पर तीन नामजद गौरव अग्रवाल, सोनू व मदन सहित करीब 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। विदित रहे कि शनिवार देर सायं दर्जनों लोगों ने जींद रोड पर स्थित यस टायर एजेंसी के मालिक यशपाल के घर में घुसकर तोड़फोड़ व लूटपाट की थी।
किसी भी आरोपी को नहीं बख्शेंगे : एसडीएम मंदीप व डीएसपी सुनील कुमार ने कहा कि यह मामला वास्तव मेें गंभीर है, पुलिस जांच कर रही है। हर आरोपी की पहचान की जा रही है। 22 मई को कोर्ट में पुलिस द्वारा निष्पक्ष जांच की रिपोर्ट पेश की जाएगी। जिसमें दोनों पक्षों की वास्तविक स्थिति कोर्ट को बताई जाएगी, ताकि पीड़ित पक्ष को न्याय मिल सके।
सफीदों. पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए शहरवासी। फोटो | भास्कर