शनिवार देर शाम को कस्बे के बीडीपीओ कार्यालय के सामने एक दर्जन से अधिक युवकों ने एक घर मे घुस कर परिवार के सदस्यों पर हमला कर घायल कर दिया। इस दौरान महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की गई। परिवार के लोगों ने घर के पीछे वाले दरवाजे से निकलकर अपनी जान बचाई। इस घटना के दौरान ही शहर के दौरे पर निकले डीएसपी सुनील कुमार को सूचना मिली तो वे मौके पर पहुंचे। चीख पुकार सुनकर उन्होंने पुलिस को बुला परिजनों की मदद करते हुए अपनी गाड़ी मेें ही घायलों को अस्पताल तक पहुंचाया। पुलिस को देख हमलावर युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल यशपाल की शिकायत पर गौरव अग्रवाल, सोनू व मदन को नामजद कर कुल 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पुरानी चुंगी निवासी गौरव अग्रवाल, आदर्श काॅलोनी सोनू को गिरफ्तार भी कर लिया है।
शराबी को दुकान से निकाला तो किया हमला : हमले में घायल जींद रोड पर स्थित यस टायर एजेंसी के मालिक यशपाल कुमार ने पुलिस को बताया कि वह शनिवार देर शाम अपनी दुकान को बंद कर रहे थे कि अचानक आदर्श काॅलोनी निवासी मदन लाल उनकी दुकान पर शराब पीने के लिए गिलास मांगने लगा। वह पहले ही शराब मेें धुत होने से उसकी हालत ठीक नहीं थी। उसने गिलास देने से मना करते हुए दुकान से बाहर जाने को कहा, जिसको लेकर उनमें तनातनी हो गई। मदन ने अपने बेटे को फोन करते हुए उसे पीटने की गलत सूचना दे दी। सूचना मिलते ही उसका बेटा वहां आया और हालात को देखते हुए अपने पिता को घर ले गया। इसके कुछ देर बाद ही करीब 15-20 युवकों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि उनके घर का दरवाजा तोड़ कर घर में घुस गए और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करते हुए कपड़े तक फाड़ दिए और उनके जेवर व घर से नकदी लूट कर ले गए। एसआई हरिकिशन ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जिनमें से दो युवक गौरव अग्रवाल व सोनू को गिरफ्तार कर लिया।
सफीदों. वारदात के बारे में बताते हुए घायल यशपाल व अन्य। फोटो | भास्कर