‘नशाखोरी से दूर रहें और शिक्षा व खेल की ओर अपने कदम बढ़ाएं’
सफीदों | गांव बुढ़ाखेड़ा के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान ईक्कस द्वारा समाज में फैलती नशाखोरी व उसके निवारण विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि हरियाणा हज कमेटी के सदस्य अकबर खान राणा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के प्राचार्य ईश्वर सिंह ने की। डॉ. विनोद, डॉ. हनीफ जाजवान, डॉ. अनूप, डॉ. सुरेंद्र व शिक्षिका नसीम, अकबर खान ने कहा कि नशाखोरी का सबसे मुख्य कारण यह है कि पहले युवा नशे को केवल मजे या शौक के तौर पर इस्तेमाल करते हैं और बाद में यह आदत या लत बन जाती है। कई बार आदमी तनाव या अवसाद के कारण नशा करता है लेकिन बाद मेंं यह समस्या विकराल रूप धारण कर लेती है। बहुत सी संस्थाएं नशे की रोकथाम के लिए बहुत से प्रय| कर रही है परंतु अच्छे नतीजे नहीं मिल रहे। कुछ समय के लिए तो व्यक्ति नशा छोड़ देता है, परंतु बाद में फिर शुरू कर देता है। अगर व्यक्ति सच में बदलना चाहता है तो उसे भीतर से जागरूक होकर अपने मन पर काबू पाना होगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशाखोरी से दूर रहें और शिक्षा व खेल की ओर अपने कदम बढ़ाएं।