पांच दिन पहले तालाब में डूबा था युवक, अब मिला सुसाइड नोट
सफीदों | नागक्षेत्र तालाब मेें 13 अप्रैल की रात डूबने से मोंटू शर्मा की मौत मेें नया मोड़ आ गया है। मृतक मोंटू शर्मा के परिजनों ने बुधवार को पुलिस के सामने पेश होकर मृतक के हाथ द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट सौंपा। इसमेें कुछ लोगों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए गए हैं।
एसएचओ रामनिवास ने बताया कि पुलिस सुसाइड नोट को फोरेंसिक लैब मेें भेजा जाएगा, जिसके बाद जांच की जाएगी। जांच के बाद जो भी व्यक्ति दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई कर दी जाएगी। मृतक के भाई गौरव ने पुलिस को बताया कि मोंटू हर रोज मछलियों को आटा डालने के लिए नागक्षेत्र पर जाता था। उन्हें लगा कि मोंटू फिसलकर तालाब मेें गिर गया होगा, लेकिन मृत्यु के बाद उसकी भाभी ने बताया कि 10 अप्रैल को मोंटू ने एक लिफाफा दिया था। जब उसे खोलकर देखा तो उसमें तीन लोगों द्वारा परेशान करने की बात सामने आई। गौरव ने आरोप लगाए कि मोंटू ने शहर के वासी शंकर, गिरीश व ओमप्रकाश के दबाव में आत्महत्या की है।