गांव रामनगर में नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में जलकर मौत हो गई। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर जलाकर मारने के आरोप लगाए हैं। मृतका के पिता बलबीर ने बताया कि उसकी बेटी निशा (21) का उन्होंने करीब 3 महीने पहले धूमधाम के साथ रामनगर गांव के सचिन के साथ शादी की थी। जब से निशा रामनगर गई तभी से उसके ससुराल वाले उसे दहेज के लिए तंग करने लग गए थे और उसके साथ लगातार मारपीट करते रहे।
रोज के झगड़ो को लेकर कई बार पंचायतें हुई और आपस में सुलह हुई लेकिन उसके बाद भी तंग करने व मार-पिटाई का सिलसिला जारी रहा। इसी को लेकर अप्रैल में जींद में पति सचिन, ननद रीना व बहनोई राकेश के खिलाफ मारपीट का मामला भी दर्ज करवाया था, उस मामले में भी समझौता हो गया था। बलबीर ने बताया कि कई दिन पहले वह अपना पेपर देकर वापस रामनगर आई तो उसके साथ फिर से झगड़ा किया गया। गांव के सरपंच ने उन्हें फोन करके सूचना दी कि उनकी बेटी के साथ कोई दिक्कत है। जब वे गांव में आए तो पाया कि उनकी बेटी निशा जली हुई मरी पड़ी है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर ससुर, सास, पति, ननद व मोनू तथा बहनोई के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया।