मूल दस्तावेज वापसी योजना: आरटीओ लौटाएगा साढ़े 3 लाख वाहनों का रिकाॅर्ड
दो साल से कागजी कार्रवाई में फंसी परिवहन विभाग की मूल दस्तावेज वापसी योजना मई से लागू हाे जाएगी। इसमें परिवहन विभाग को साढ़े तीन लाख से अधिक वाहनों की मूल फाइल उसके मालिक को लौटाना है। वहीं परिवहन विभाग के सर्वर में भी फाइल की स्कैन काॅपी सुरक्षित रखी जाएगी।
जिले में वर्तमान में साढ़े तीन लाख से अधिक वाहन रजिस्टर्ड हैं। इन वाहनों के डॉक्युमेंट की ऑरिजनल फाइल के रखरखाव की जिम्मेदारी विभाग की है लेकिन जगह की कमी के कारण कई फाइलें खराब हो जाती हैं जिससे वाहन मालिक परेशान होते हैं। नई व्यवस्था के तहत परिवहन विभाग डॉक्युमेंट रखने के लिए नया सॉफ्टवेयर तैयार करवा रहा है। जब भी कोई वाहन पंजीयन के लिए आएगा तो सॉफ्टवेयर में उसका रजिस्ट्रेशन कर संलग्न डॉक्युमेंट स्कैन किए जाएंगे। ये स्कैन डॉक्युमेंट स्थानीय कार्यालय के साथ मुख्यालय के सर्वर में भी रिकॉर्ड के रूप में पहुंच जाएंगे। इस प्रक्रिया के बाद ऑरिजनल फाइल वाहन मालिक को दे दी जाएगी। यदि वाहन मालिक से यह फाइल खो जाती है तो उसकी डुप्लीकेट कॉपी विभाग से प्राप्त कर सकेगा।
कई फाइलों को चूहे कुतर गए
नए ऑफिस में शिफ्टिंग से पहले आरटीओ कार्यालय में जगह का अभाव था। जिसके कारण फाइलें रखने की जगह नहीं थी। वहीं कई फाइलें खराब हो गई और कुछ शिफ्टिंग में इधर-उधर हो गई। कई बार फाइलों को चूहे कुतर जाते थे। इसके लिए विभाग ने अलमारियां भी मंगाई थीं। लेकिन वे भी पूरी तरह से भर गई हैं। विभाग को मजबूरी में फाइलें फिर बाहर रखनी पड़ रही हैं।
पचास लाख कागजों की जिम्मेदारी : सागर कार्यालय में हर महीने दो पहिया, चार पहिया वाहन मिलाकर लगभग दो हजार से तीन हजार वाहन रजिस्टर्ड होते हैं। नए वाहन के पंजीयन, ट्रांसफर होकर आने वाले वाहनों की एक फाइल में 10 से 15 कागज लगते हैं। इस तरह विभाग के पास हर महीने तीन हजार फाइलें मतलब 30 हजार कागजों के रखरखाव की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। विभाग के पास इस समय साढ़े तीन लाख से अधिक वाहन रजिस्टर्ड हैं, जिसके लगभग 50 लाख से अधिक कागज विभाग को संभालने पड़ रहे हैं।
Ãपरिवहन कार्यालय में फाइलों के गुम और खराब होने की शिकायतें आती रहती थीं इसलिए अब विभाग रजिस्ट्रेशन के समय फाइल को स्कैन कर अपने पास रखेंगे अौर ऑरिजनल फाइल वाहन मालिक को लौटा देंगे। आदेश मिलते ही यह व्यवस्था शुरू हो जाएगी। - प्रदीप शर्मा, आरटीओ सागर