बिना सूचना बेरिकेड्स लगाकर बदला ट्रैफिक रूट, परेशान हुए शहर के लोग
अंबेडकर जयंती के कारण पुलिस ने शनिवार को भगवानगंज एरिया को बिना किसी पूर्व सूचना के नो-व्हीकल जोन बना दिया। कबुलापुल, अप्सरा टॉकीज, राहतगढ़ बस स्टैंड-भगवानगंज रोड सहित गुरुगोविंद सिंह वार्ड, तुलसीनगर आदि क्षेत्रों से भगवानगंज तिराहा की तरफ वाहनों की आवाजाही सुबह 6 बजे से ही प्रतिबंधित कर दी। टू-व्हीलर तक को नहीं जाने दिया। इतना ही नहीं वार्डों के अंदर यानी आयोजन से 500 मीटर अंदर के क्षेत्रों में पुलिस रूट डायवर्ट कर रही। इसके चलते सैकड़ों ऐसे लोग परेशान हुए, जिनके घर इसी क्षेत्र में हैं। सुबह 6 बजे से लेकर रात 12 बजे तक पुलिस की ऐसी ही सख्ती बनी रही। लोगों को अपनी रोजमर्रा की जरूरतों का सामान सब्जी-दूध आदि लेने तक के लिए एक से दो किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाने मजबूर होना पड़ा।
शहर में हालत यह थी कि भगवानगंज स्थित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के लिए लोगों को काफी दूर से पैदल आना-जाना पड़ा। भगवानगंज व अासपास के अजा बहुल इलाकों में धारा 144 से भी प्रभावी पहरा रहा। लोगों को पूरे दिन एक से दूसरे स्थान आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ी। कलेक्टर आलोक सिंह व एसपी सत्येंद्र शुक्ल सुरक्षा इंतजाम का जायजा लेने पहुंचे।
अजा बहुल वार्डों में रही सख्ती, आम-खास में दिखा फर्क
आम लोगों को मोटर साइिकल से भी नहीं निकलने दिया। जब विधायक की गाड़ी पहुंची तो ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को अफसरों के फोन आ गए। इसके बाद उन्हें कार सहित भगवानगंज से आगे जाने दिया।
कई बार डायल करने पर लगे कॉल, बीच में कॉल-ड्रॉप भी हुए
एससी-एसटी एक्ट के विरोध में शहर में दो अप्रैल को हुए उपद्रव के बाद चर्चा थी कि 14 अप्रैल को नेट सेवा बंद रहेगी। पर प्रशासन ने ऐसा नहीं किया। हालांकि शनिवार को कॉल करने के लिए लोगों को कई बार नंबर डायल करना पर, तब जाकर कॉल कनेक्ट हुई। बीच-बीच में कॉल ड्रॉप भी खूब हुए। आमतौर पर जो समस्या कैंट क्षेत्र में रोज होती है, वह अंबेडकर जयंती के दिन सदर, भगवानगंज, गुरु गोविंद सिंह वार्ड, तुलसी नगर, वल्लभ नगर वार्ड सहित एससी बाहुल्य विभिन्न क्षेत्रों एवं मेडिकल कॉलेज रोड तरफ के क्षेत्र में रही। प्रशासन ने साफ तौर से तो ऐसी व्यवस्था से इंकार किया है, पर कहा यही जा रहा है कि सतर्कता के चलते यह व्यवस्था प्रशासन द्वारा ही कराई गई थी।
रात में कटा केक
सख्त पहरे और नो व्हीकल जाेन के बावजूूद भाजपाई, कांग्रेसी व अन्य दल के नेता भगवानगंज अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभुदयाल पटेल, कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी, मकरोनिया नपाध्यक्ष सुशीला संतोष रोहित, पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी, अनिल तिवारी के साथ ब्राह्मण समाज के लोग बाबा साहेब को नमन करने पहुंचे। अंबेडकर मूर्ति के पास रात 8.30 बजे केक काटा गया। भाजपा नेता सुधीर यादव, नंदलाल चौधरी आदि मौजूद थे। विवेकानंद छात्र परिषद व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने भी जयंती मनाई। दूसरी तरफ सर्व ब्राह्मण समाज संगठन के अतुल मिश्रा ने 18 अप्रैल को भगवान परशुराम जयंती पर शोभायात्रा निकालने का निर्णय लिया है। इस संबंध में 15 अप्रैल को दोपहर 1 बजे वृंदावनबाग मंदिर में बैठक बुलाई गई है।