दूसरे चरण के लिए आई सभी कॉपियां जांची, सागर को पुरस्कार मिलना तय
एमपी बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में पहले चरण के बाद दूसरे चरण में भी सागर जिले ने समय से पहले पूरा मूल्यांकन कर दिया है। जबकि प्रदेश के 10 जिले ऐसे हैं, जहां न सिर्फ पहले चरण का मूल्यांकन पिछड़ा, बल्कि दूसरे चरण का भी मूल्यांकन इस तरह पिछड़ा हुआ कि वहां आईं उत्तरपुस्तिकाएं अब दूसरे जिलों में भेजना पड़ रही हैं।
सागर जिले को पहले चरण में जहां 15 दिन में मूल्यांकन के लिए जिले में 1.50 उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए मिली थीं और उनकी जांच 12 दिन में ही पूरी हो गई थी। वहीं दूसरे चरण में जिले में 70 हजार उत्तर पुस्तिकाएं ही मूल्यांकन के लिए आईं थीं। इनका मूल्यांकन 6 अप्रैल से शुरु होकर 22 अप्रैल तक चलना था।
जबकि सागर के शिक्षकों ने इनका मूल्यांकन 14 अप्रैल को ही पूरा कर दिया। सागर की इस तेजी को देखते हुए माशिमं ने 4 अन्य जिलों की करीब 20 हजार उत्तर पुस्तिकाएं और सागर भेज दी हैं। इनका मूल्यांकन भी तीन दिनों में होने की उम्मीद यहां के प्रबंधन ने बताई है।मूल्यांकन अधिकारी डॉ. वायएस राजपूत ने बताया कि जो जिले मूल्यांकन में अव्वल रहते हैं बोर्ड द्वारा उन्हें सम्मानित भी किया जाता है। दूसरे चरण में कक्षा-10वीं और 12वीं के विभिन्न विषय समूहों में करीब 18 विषयों की उत्तर पुस्तिकाएं आई थीं। सभी का मूल्यांकन हो चुका है।