- Hindi News
- National
- 5 दिन में एक भी विद्यार्थी का एप्टीट्यूट टेस्ट नहीं करा पाने वाले 28 हाई स्कूल के प्राचार्यों को नोटिस
5 दिन में एक भी विद्यार्थी का एप्टीट्यूट टेस्ट नहीं करा पाने वाले 28 हाई स्कूल के प्राचार्यों को नोटिस
विद्यार्थियों की अभिक्षमता परीक्षा यानी एप्टीट्यूट टेस्ट में जिन 28 हाई स्कूल में अब तक एक भी विद्यार्थी ने सहभागिता नहीं की है, उन सभी के प्राचार्यों को नोटिस जारी किए गए हैं।
आरएमएसए के अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक डॉ. महेंद्र प्रताप तिवारी ने नोटिस जारी कर कहा है कि अब तक एक भी विद्यार्थी काे टेस्ट में शामिल नहीं करना आयुक्त एवं विभागीय आदेशों की अवहेलना है। तीन दिन के अंदर सभी प्राचार्यों से लिखित में स्पष्टीकरण मांगा गया है, ऐसा नहीं करने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।
गौरतलब है कि जिन विद्यार्थियों ने पिछले माह ही में कक्षा-10वीं की परीक्षा दी है। उन विद्यार्थियों को कक्षा-11वीं में विषय चयन करने में मदद दिलाने स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा पहले अभिरुचि टेस्ट कराया गया था। अब एप्टीट्यूट टेस्ट कराया जा रहा है। इसमें जिले के 283 स्कूलों में से 28 में अब तक एक भी विद्यार्थी ने सहभागिता नहीं की है।
हालांकि इसके बाद भी सागर जिला अब भी प्रदेश में पहले स्थान पर बना हुआ है। जिले के करीब 12 हजार विद्यार्थी यह टेस्ट दे चुके हैं। 22 अप्रैल तक शेष रहे करीब 18 हजार विद्यार्थियों का टेस्ट भी स्कूल शिक्षा विभाग को कराना है। यही वजह है कि इसमें रुचि नहीं लेने वाले प्राचार्यों को नोटिस जारी किए गए हैं। साथ ही जहां अभी भी विद्यार्थियों की सहभागिता की स्थिति 60 फीसदी से कम है, वहां के प्राचार्यों को भी निर्देश दिए गए हैं कि जल्दी से शतप्रतिशत विद्यार्थियों को टेस्ट में शामिल कराएं। अभी तक की स्थिति में जिले के 3 स्कूलों में शतप्रतिशत विद्यार्थी टेस्ट दे चुके हैं। इनमें सागर विकासखंड की हाई स्कूल मेनपानी, रहली की डुंगासरा एवं केसली ब्लॉक की नवीन हाई स्कूल घाना के नाम हैं।
यहां के प्राचार्यों को मिले नोटिस
सागर ब्लॉक की अंध मूकबधिर शाला एवं देवरी पथरिया, बंडा की हाई स्कूल पनारी, पथरिया गौड़, गौरा खुर्द, बहरोल एवं भड़राना हाई स्कूल, बीना की बेसरा कसोई, लहरवाड़ा एवं कोंरजा, देवरी की हाई स्कूल सलैया, जैसीनगर की तोड़ा तरफदार, केसली की जैतपुर डोमा एवं केवलारी, खुरई की करैया गूजर एवं हायर सेकंडरी स्कूल बरौदिया नोनागिर, मालथौन की हाई स्कूल खटोरा एवं पिठोरिया, राहतगढ़ की खैजरा माफी, मीरखेड़ी एवं सेमरा हाट, रहली की हाई स्कूल पाटई, पंडापुर, छपरा एवं बलेह, शाहगढ़ ब्लॉक की खटौरा कलां, सादपुर एवं हाई स्कूल तिगोड़ा के प्राचार्यों को नोटिस दिए गए हैं।