ऋषिकुल संस्कृत विद्यालय के बटुओं ने किया भिक्षाटन
सागर | अक्षय तृतीया पर झंडा चौक गोपालगंज स्थित ऋषिकुल संस्कृत विद्यालय में अध्ययनरत नव प्रवेशी 11 बटुकों का मुंडन एवं यज्ञोपवीत (उपनयन) संस्कार प्राचार्य श्रीराम शुक्ल शास्त्री ने वैदिक रीति से संपन्न कराया। इस अवसर पर बटुकों द्वारा मोहल्ले की गलियों में शंख और घंटियों की ध्वनि के मध्य”भिक्षाम् देहि” का उच्चारण करते हुए भिक्षाटन किया। उन्होंने यजमानों व धर्म प्रेमियों से उनके घर के दरवाजे पर जाकर भिक्षा मांगी। लोगों ने प्रेमभाव और सम्मान से श्रद्धानुसार भेंट दी। स्व.पं.गोविन्द प्रसाद शास्त्री द्वारा 1977 में स्थापित इस विद्यालय में निर्धन व साधनहीन ब्राह्मण बालकों को नि:शुल्क संस्कृत व कर्मकांड की शिक्षा दी जाती है।