तालाब में ही लगा दिया आरओ प्लांट, बिक रहा लाखों का पानी
शहर के तालाब अब सुरक्षित नहीं है। प्रताप सागर तालाब को युवाओं ने संवारा, तो अब उस पानी की व्यवसायीकरण किया जा रहा है। वैसे तो किशोर सागर तालाब के पास भी एक आरओ प्लांट लगा हुआ है, लेकिन यहां तो हद हो गई। इसमें तालाब के ही डूब क्षेत्र में निर्माण के बाद आरओ प्लांट लग गया। पानी का यह व्यवसाय जोरों पर चल रहा है। इस बात की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को होने के बाद वह चुप्पी साधे हुए है।
प्रताप सागर तालाब में गर्मी के दिनों में भी भरपूर पानी भरा हुआ है। प्रताप नवयुवक संघ के युवाओं ने जुटकर तालाब को संवारा और अब तालाब आकर्षक दिखता है, लेकिन इसी तालाब की सीढ़ियों के बाजू से ही आरओ प्लांट लग गया। जिस स्थान पर यह आरओ प्लांट लगा हुआ है। वह पूरा डूब क्षेत्र है। पावन पेयजल एटी एक्वा मिनिरल्स के नाम से शहर में पानी सप्लाई भी हो रहा।
तालाबों को सुरक्षित नहीं कर पा रहा प्रशासन :एक ओर किशोर सागर तालाब में अतिक्रमणकारी पुराव करने में जुट जाते है। इससे डूब क्षेत्र में हजारों ट्रॉलियां मिट्टी डल चुकी है। वहीं अब प्रताप सागर तालाब में भरपूर पानी होने से आरओ प्लांट चल रहा है। शहर में इस तरह के कई आरओ प्लांट धड़ल्ले से नियमों के विरुद्ध चल रहे हैं और प्रशासन व खाद्य विभाग ध्यान नहीं दे रहा है।