रस्सी से नापकर देखा राजघाट का पानी
सागर | राजघाट बांध के गिरते जल स्तर से इस बार जून में पीने के पानी का संकट बनने के आसार दिख रहे हैं। दैनिक भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद मंगलवार को नगर निगम के अफसर पानी का लेवल नापने पहुंचे। एक कर्मचारी ने रस्सी में पत्थर बांधकर पानी में डुबाया और माप लिया। मंगलवार को वाटर लेवल 509.92 मीटर था। उपायुक्त डॉ. प्रणय कमल खरे व सब इंजीनियर रामाधार तिवारी राजघाट बांध से कैनाल के जरिए सेना को छोड़े जा रहे पानी पर नजर रखे हुए हैं। उपायुक्त खरे ने बताया कि बुधवार को सुबह 11 बजे तक पानी छोड़ा जाएगा। इसके बाद बंद कर देंगे। उन्होंनें बताया कि चितौरा एनीकेट में 6.2 फीट पानी है, जो कि सुबह तक 7 फीट तक पहुंच सकता है।

सूचना... बिजली से जुड़े प्रकरणों में मिलेगी छूट
सागर | 22 अप्रैल को नेशनल लोक अदालत का आयोजन न्यायालय परिसर में होगा। इसमें विद्युत अधिनियम के तहत लंबित प्रकरणों में आकर्षक छूट प्रदान की गई है। वे प्रकरण जो न्यायालय में दर्ज कराने लंबित हैं उनमें लगने वाले ब्याज पर 100% छूट एवं क्षति पूर्ति राशि में 40% छूट दी जाएगी। न्यायालय में दर्ज किए जा चुके प्रकरणों में लगने वाले ब्याज पर 100% छूट, क्षतिपूर्ति राशि में 25% छूट सहित प्रकरणों में समझौता किया जा सकेगा।