- Hindi News
- National
- पंचकल्याणक : 108 कलशों से हुआ बालक वर्धमान का अभिषेक, शोभायात्रा भी निकली
पंचकल्याणक : 108 कलशों से हुआ बालक वर्धमान का अभिषेक, शोभायात्रा भी निकली
शंकर पैलेस मकरोनिया में चल रहे पंचकल्याणक महोत्सव में मंगलवार को बाल महावीर का कुण्डलपुर में माता त्रिशला और सिद्धार्थ के घर जन्म हुआ। जन्मकल्याणक के दौरान श्रृद्धालुओं में गजब का उत्साह एवं रोमांच भर गया। पंडाल में सारे धमार्थियों के पैर थिरकने लगे। विशाल शोभा यात्रा मकरोनिया के प्रमुख मार्गों से होकर अंकुर कालोनी स्थित पांडुक शिला पहुंची। जुलूस में एरावत हाथी पर बालक महावीर को पांडुक शिला में अपूर्व-शिवानी सिंघई और गुलजारी लाल लेकर चल रहे थे। इन्द्र ने अपने सभी साथी इन्दों के साथ 1008 कलशों से बालक वर्धमान का अभिषेक किया। इस अवसर पर प्रथम कलश से राजेन्द्र कुमार अतुल कुमार सतभैया परिवार, द्वितीय कलश से सरला प्रकाशचंद परिवार व तृतीय कलश से श्रीमंत नरेशचंद जैन परिवार को अभिषेक करने का सौभाग्य मिला। इस दौरान अष्ट कुमारियों ने धार्मिक नृत्य प्रस्तुत किया।
मीडिया प्रभारी अखिलेश समैया ने बताया बालक वर्धमान के जन्माभिषेक के अवसर पर साधर्मी वात्सल्य भोजन इंजीनियर आनन्द विक्रम परिवार मकरोनिया की ओर से और उपलब्ध जैन साहित्य पर 50 प्रतिशत छूट कुन्दन लाल जी की स्मृति में पं. अरूण मोदी परिवार ने उपलब्ध कराई है। ताकि साधर्मी भाई-बहनेें जैन धर्म के तत्वों का लाभ लेकर मोक्ष मार्ग की ओर कदम बढ़ा सकें। कार्यक्रम में राजदरबार में विशेष दूत ने राजा सिद्धार्थ को बाल वर्धमान के जन्म का समाचार देकर रोमांचित कर दिया। राजा सिद्धार्थ ने विशेष दूत को अमूल्य उपहार प्रदान किये।