- Hindi News
- National
- सीसीटीवी में मेडिकल संचालक को पीटते हुए दिखा सब इंस्पेक्टर, फिर बाइक को थाने ले जाकर दर्ज किया केस
सीसीटीवी में मेडिकल संचालक को पीटते हुए दिखा सब इंस्पेक्टर, फिर बाइक को थाने ले जाकर दर्ज किया केस
सागर. सीसीटीवी फुटेज में मेडिकल संचालक से मारपीट करते नजर आते गोपालगंज थाने के पीएसआई।
सब इंस्पेक्टर का कहना है- बिना नंबर की गाड़ी के कागज मांगने पर हुआ था विवाद
भास्कर संवाददाता | सागर
गोपालगंज थाने के पीएसआई द्वारा बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित एक मेडिकल स्टोर संचालक की पिटाई करने का मामला सामने आया है। पीएसआई ने मेडिकल स्टोर संचालक को पीटने के बाद उसकी बाइक थाने लेकर जाकर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत केस भी बना दिया।
मामले का खुलासा मेडिकल स्टोर में लगे सीसीटीवी फुटेज से हुआ है। जिसमें पीएसआई स्टोर संचालक की पिटाई करते हुए दिखाई दे रहे हैं। मेडिकल स्टोर संचालक राजा यादव का आरोप है कि 9 अप्रैल की रात करीब 3 बजे जब वह अपने किसी परिजन के ऑपरेशन के लिए दवाएं निकलवा रहे थे, तभी अचानक पीएसआई अमित सिकरवार वहां पहुंच गए। दुकान खुली देकर पीएसआई भड़क गए और उन्होंने राजा यादव को चांटे जड़ दिए। इसके बाद वे उसकी बिना नंबर की गाड़ी लेकर थाने पहुंचे, जहां उन्होंने मोटर व्हीकल एक्ट का केस दर्ज किया। मामले में अमित सिकरवार का कहना है कि गश्त के दौरान उन्हें मेडिकल स्टोर के बाहर बिना नंबर की गाड़ी दिखी थी। उन्होंने संचालक से गाड़ी के कागज मांगे, नहीं देने पर बहस हुई और विवाद बढ़ गया। इसके बाद उन्होंने गाड़ी थाने में लाकर मामला दर्ज किया। मामले में थाना प्रभारी संजय सिंह का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। थाना प्रभारी का कहना था कि यदि पीएसआई ने ऐसा किया है तो मामले की जांच की जाएगी।
बस स्टैंड पर होटलें बंद कराने के दौरान मारपीट का आरोप
देररात को बस स्टैंड परिक्षेत्र में असामाजिक तत्वों को खदेड़ने पहुंची गोपालगंज पुलिस पर मारपीट का आरोप लगा है। यहां के होटल संचालकों का कहना है कि पुलिस अपने अधिकारों का दुरुपयोग कर रही है। हम लोग शांतिपूर्वक लोगों को खाना खिलाते हैं। मुसाफिरों के लिए चाय-पानी बेचते हैं। लेकिन पुलिस को इस पर भी आपत्ति है। शिकायतकर्ताओं में शामिल खाने के होटल, टी-स्टाल आदि चलाने वालों का कहना है कि हम लोग अपनी होटल-दु़कान पर किसी भी तरह की अनावश्यक भीड़ इकट्ठी नहीं होने देते हैं। इसके बावजूद पुलिस कानून-व्यवस्था बनाने के नाम पर दुकान-होटल में तोड़-फोड़ करती है। पुलिस का इतना आतंक हो गया है कि कुछ लाेग तो अधूरा खाना छो़ड़ बगैर बिल चुकाए ही निकल जाते हैं। इस मामले में गोपालगंज थाना प्रभारी संजयसिंह का कहना है कि होटल और दुकान संचालकों से कोई मारपीट नहीं की गई। पुलिस-प्रशासन ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए रात 11 बजे तक ही होटल खोलने का नियम तय किया है। अगर दुकानदार-होटल संचालक इसमें कोई राहत चाहते हैं तो वह सिटी मजिस्ट्रेट से अनुमति ले आएं। पुलिस किसी भी स्थिति में बस स्टैंड पर अनावश्यक लोगों को जमावड़ा नहीं होने देगी।