पार्षद बोले- अंडरब्रिज का काम धीमा, ऐसे तो दिक्कत बढ़ेगी
क्राॅसिंग पर ट्रैफिक कंट्रोल के लिए अस्थाई डिवाइडर का रखा सुझाव
भास्कर संवाददाता | सागर
अप्सरा टॉकीज के पास गेट नंबर 24 पर हैवी ट्रैफिक को कंट्रोल करने के लिए पार्षदों ने महापौर पर प्रेशर बनाना शुरू कर दिया है।
महापौर अभय दरे से पार्षदों ने कहा है कि अंडरब्रिज का काम धीमा चल रहा है। अगर बारिश के पहले यहां का काम पूरा नहीं हो पाता है, तो दिक्कतें बढ़ जाएंगी। इसके साथ ही गेट नंबर 24 क्रासिंग पर हैवी ट्रैफिक, अंडरब्रिज निर्माण में लेटलतीफी और ब्रिज के पास से निकल रहे नाले की चौड़ाई बढ़ाने की भी बात रखी है। जल्द ही महापौर इन बिंदुओं पर अब रेलवे अधिकारियों से चर्चा करेंगे।
महापौर दरे को पार्षद नरेश यादव ने बताया है कि शहर के 10 वार्डों का पानी अंडर ब्रिज के नाले से होकर निकलता है। अभी यहां अंडरब्रिज का काम चल रहा है। इसलिए इसी समय रेलवे अधिकारियों से उसके चौड़ीकरण को लेकर चर्चा कर ली जाए। रेलवे पुराने साइज में ही उसका निर्माण न कर दे। यदि यहां से पानी निकासी बेहतर हो जाती है, तो मुख्य बाजार में पानी नहीं भरेगा। महापौर दरे ने जल्द ही रेलवे प्रोजेक्ट ईई से चर्चा करने की बात कही है।
क्रासिंग पर ट्रैफिक कंट्रोल के
लिए भी रखे सुझाव
गेट नंबर 24 की क्रासिंग पर ट्रैफिक कंट्रोल के लिए भी सुझाव रखे गए। महापौर दरे ने कहा कि सड़क चौड़ी नहीं होने के कारण यहां दोनों ओर आने-जाने वालों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इसका अस्थाई डिवाइडर से हल निकाला जा सकता है। इसके साथ ही इस क्रासिंग पर केवल दो-पहिया और तीन-पहिया वाहनों की ही इंट्री का सुझाव भी रखा गया।