अपील निरस्त करने पर कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन
सागर | जिला न्यायालय के अधिवक्ताओं ने कमिश्नर आशुतोष अवस्थी के नाम ज्ञापन सौंपकर अपर आयुक्त पर कार्रवाई करने की मांग की है। इस दौरान अधिवक्ताओं ने अपर आयुक्त की मनमानी के विरोध में जमकर नारेबाजी भी की। ज्ञापन में कहा गया है कि अपर आयुक्त कोर्ट में कृषि गृह निर्माण समिति और मप्र शासन के संबंध में प्रकरण चल रहा है। इस प्रकरण में एक पक्ष की ओर से पैरवी अधिवक्ता पवन नन्होरिया और भुवनेश्वर तिवारी कर रहे हैं। मंगलवार को जब यह अधिवक्ता कोर्ट में पहुंचे तो पता चला कि अपर आयुक्त ने अपील निरस्त कर दी है। अधिवक्ताओं ने उनका पक्ष बिना सुने अपील निरस्त किए जाने पर आपत्ति जताई लेकिन इसके बाद भी उनका पक्ष नहीं सुना गया। अधिवक्ताओं ने कमिश्नर से मामले में कार्रवाई करने की मांग की है।