- Hindi News
- National
- नर्मदापुरम की टीम 72 रनों पर सिमटी, पहली पारी में बढ़त के आधार पर सागर को 3 अंक
नर्मदापुरम की टीम 72 रनों पर सिमटी, पहली पारी में बढ़त के आधार पर सागर को 3 अंक
एडब्ल्यू कनमाड़ीकर ट्रॉफी : ध्रुव केवट बने मेन ऑफ दी मैच
भास्कर संवाददाता | सागर
एडब्ल्यू कनमाड़ीकर ट्रॉफी में एमपीसीए मैदान पर सागर और नर्मदापुरम डिवीजन का दो दिवसीय मुकाबला ड्रा खत्म हुआ। पहली पारी में मिली 68 रनों की बढ़त के आधार पर सागर डिवीजन को 3 अंक मिले जबकि नर्मदापुरम को 1 अंक मिला।
सागर डिवीजन की पहली पारी 140 रनों के जवाब में नर्मदापुरम ने कल के स्कोर पांच विकेट 56 रन से आगे खेलना शुरु किया और पूरी टीम 44.2 ओवरों में 72 रनों पर सिमट गई। टीम के लिए हिमेश यादव ने 18 और प्रवीण यादव ने 17 रन बनाए, जबकि सागर डिवीजन के लिए सिद्धार्थ सिरोठिया ने 4 तथा ऋषि शिवहरे और प्रभात पटेल ने 3-3 विकेट लिए। दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी सागर डिवीजन कि टीम ने 45 ओवरों में 189 रन बनाकर अपनी दूसरी पारी घोषित कर दी। कप्तान हर्ष जैन ने 67, ध्रुव केवट 55 रन बनाए, जबकि अमन रैकवार 35 और सूर्य प्रताप 22 रनों पर नाबाद रहे। नर्मदापुरम की ओर से आयुष चौहान, माधव शर्मा और मॉरिस प्रधान ने 1-1 विकेट लिया। 32 ओवरों में 258 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नर्मदापुरम की टीम चार विकेट के नुकसान पर 107 रन ही बना सकी और मैच ड्रा समाप्त हुआ। नर्मदापुरम के लिए साहिल कावड़े ने 56 रनों की नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली। पहली पारी में 45 और दूसरी पारी में 55 रनों की पारी खेलने वाले सागर डिवीजन के सलामी बल्लेबाज ध्रुव केवट को मैन ऑफ दी मैच चुना गया।