जिला प्रशासन द्वारा गर्ल्स एक्सीलेंस कॉलेज को पुराने आरटीओ ऑफिस की जमीन आवंटित की जा चुकी है। अब जल्द ही यहां 2.24 एकड़ क्षेत्र में कॉलेज की नई बिल्डिंग बनेगी। गौरतलब है कि हाल ही में गर्ल्स कॉलेज को राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) द्वारा भवन निर्माण के लिए 6.63 करोड़ रुपए मिले थे। इसी राशि से पुराने आरटीओ ऑफिस की जमीन पर भवन बनाया जाएगा। भवन निर्माण का जिम्मा पीआईयू को सौंपा गया है, जो मालथौन और केसली में बने कॉलेज भवन की तर्ज पर ही गर्ल्स कॉलेज के भवन का निर्माण करेगा। इससे न सिर्फ डीपीआर में बर्बाद होने वाले समय की बचत होगी, बल्कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा।
चार लैब, 12 लेक्चर हॉल समेत करीब 22 कमरों का बनेगा भवन : नए भवन में चार लैब, 12 बड़े लैक्चर हॉल, प्राचार्य और एनसीसी कक्ष समेत करीब 22 कमरे बनाने की योजना है। इससे साफतौर पर जाहिर है कि भविष्य में यहां कॉलेज का साइंस विंग शिफ्ट किया जाएगा। वहीं कॉलेज की शिफ्टिंग होने के बाद अगले सत्र से विभागों में 10 फीसदी से भी ज्यादा सीटें भी बढ़ सकती हैं।