छेड़छाड़ से त्रस्त नाबालिग ने जहर पीया
सागर | नरयावली थानांतर्गत मूड़रा गांव की एक नाबालिग ने छेड़छाड़ से तंग आकर जहरीला पदार्थ पी लिया। करीब 17 वर्षीय इस लड़की का कहना है कि मुझे गांव का ही एक युवक राहुल प्रजापति पिता रामलाल प्रजापति एक साल से परेशान कर रहा है। 13 मई को वह मेरे घर आया और उसने मुझसे अनर्गल बातचीत की। मैंने विरोध जताया तो उसने कहा कि अगर यह बात तुमने किसी को बताई तो तुम्हारे मां-बाप को घर से उठा ले जाऊंगा। उनकी हत्या कर दूंगा। दो दिन तक मैं उसकी दहशत में रही। इसके बाद मैंने जहरीला पदार्थ गटक लिया। इस मामले में राहुल के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है। फिलहाल लड़की मेडिकल कॉलेज में भर्ती है, जहां उसकी हालत स्थिर है।